 |
| Deputy Secretary of State John Negroponte |
अमेरिकी सीनेट की विदेशी मामलों की समिति के समक्ष उप विदेश मंत्री जॉन निग्रोपोंटे ने बयान देते हुए कहा कि पाकिस्तान के प्रति अमेरिकी प्रतिबद्धता समूचे देश के साथ और उसके कबीलाई और सीमांत क्षेत्रों के लिए भी है । उप विदेश मंत्री निग्रोपोंटे ने कहा कि अमेरिकी लक्ष्य इन क्षेत्रों को राष्ट्रीय और विश्व अर्थव्यवस्था में शामिल करने में मदद करना, वहां के लोगों को उनके अपने देश की मुख्यधारा में लाने में नई सरकार की मदद करना, आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने में सहायता करना और इस क्षेत्र के लोगों को अपनी खुद की सुरक्षा मुहैया कराना तथा चरमपंथियों के दबाव का प्रतिरोध करने में मदद करना है ।
श्री निग्रोपोंटे ने कहा कि पाकिस्तान में आतंकवाद और चरमपंथ पड़ोसी अफगानिस्तान के चरमपंथ और आतंकवाद से मजबूती से गुथा हुआ है । श्री निग्रोपोंटे ने कहा, "आतंकवादी और हिंसक चरमपंथी पाकिस्तान के दुर्गम कबीलाई क्षेत्रों का दुरुपयोग कर रहे हैं और सीमा पार करके अफगानिस्तान में अफगान और गठबंधन फौजों पर हमले कर रहे हैं ।" उन्होंने कहा कि दोनों देशों के अभियानों में कारगर ढंग से तालमेल बिठाना और एक-दूसरे के साथ अभियान चलाने के तरीके ढूंढना आवश्यक है और इस तरह उस स्थान को कम करना है, जहां हमारे साझे दुश्मन सक्रिय हैं ।
श्री निग्रोपोंटे ने पाकिस्तान के लिए अमेरिका की मदद से चलाए जा रहे कार्यक्रमों का समर्थन करते हुए कहा कि पाकिस्तान में आतंकवाद और चरमपंथ से इस क्षेत्र के और दुनिया के अन्य देशों को भी खतरा है, इसलिए व्यापक राजनयिक सहयोग की रणनीति बनाना आवश्यक है । उप विदेश मंत्री ने यह भी कहा कि अमेरिकी-पाकिस्तान संबंध परस्पर आतंकवाद-विरोधी प्राथमिकताओं से कहीं अधिक गहरे हैं ।
उप विदेश मंत्री निग्रोपोंटे ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय विकास के लिए अमेरिकी एजेंसी के पाकिस्तान के कबीलाई क्षेत्रों और सीमावर्ती क्षेत्रों में आर्थिक विकास कार्यक्रमों का लक्ष्य वे इलाके हैं, जहां कम रोजगार है, कम साक्षरता है, कम आशा है और जिन्हें उग्रवादी घुसपैठ से खतरा है । इस महीने यूएसएड कई अस्पतालों की आपूर्ति और शल्य चिकित्सा की सुविधाओं की फिर से पूर्ति करेगा, मातृ स्वास्थ्य और चिकित्सा के क्षेत्र के अन्य पेशेवरों को प्रशिक्षण देगा तथा एक केंद्रीय बाजार में पुलिस के अधिकार बहाल करने के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ काम करता रहेगा । अमेरिका का यह भी मानना है कि पुनर्निर्माण अवसर क्षेत्र पाकिस्तान के इस सुदूर हिस्से में दीर्घकालिक आर्थिक विकास और स्थिरता को बढ़ावा देने में बड़ी भूमिका निभा सकता है ।
उप विदेश मंत्री जॉन निग्रोपोंटे ने कहा, "पाकिस्तान के कबीलाई क्षेत्रों का पाकिस्तान और विश्व की सुरक्षा के लिए बहुत महत्व है । इसीलिए हमें नव-निर्वाचित पाकिस्तानी सरकार और पाकिस्तानी लोगों की इन सुदूर इलाकों को पाकिस्तानी मुख्यधारा में लाने और उन्हें हमेशा के लिए आतंकवादियों और हिंसक चरमपंथियों के लिए आरामदेह न बनने देने की बहुमुखी रणनीति का इस्तेमाल करना चाहिए ।"