 |
| afghan poppies |
अफगानिस्तान में गठबंधन फौजों ने कई उग्रवादियों को मार गिराया है । उन्होंने 9 अन्य को गिरफ्तार किया और हथियारों व मादक पदार्थों के जखीरों को नष्ट किया । यह अभियान पक्तिका प्रांत के जुर्मात जिले में किया गया । हेलमंड प्रांत के गर्मसिर जिले में गठबंधन फौजों ने तालिबान उग्रवादियों के साथ गोलीबारी के बाद मादक पदार्थों का एक दूसरा जखीरा जब्त किया । नाटो के नेतृत्व में तैनात इंटरनेशनल सिक्यूरिटी असिस्टेंस फोर्स के कमांडर व अमेरिकी सेना के जनरल डैन मैकनील ने कहा है कि दक्षिणी अफगानिस्तान में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से हुई आय से तालिबान उग्रवादियों का खर्च चल रहा है । अन्य जगहों पर भी उग्रवादियों को यहीं से पैसा जाता है ।
अफगानिस्तान में हर साल करीब 3 अरब डॉलर के पोस्त फसल का उत्पादन होता है । पोस्त से ही अफीम बनता है । जद्दोजहद करने वाले अनेकों किसानों के लिए कम आय वाली गेहूं एवं सब्जी जैसी फसलों की तुलना में यह अधिक फायदेमंद विकल्प है । ए फेटफुल हार्वेस्ट नामक डॉक्यूमेंट्री फिल्म में एक बुजुर्ग किसान हेलमंड प्रांत में अपनी पोस्त फसल को बर्बाद किये जाते देखते हुए दिखाए गए हैं । पोस्त के उन्मूलन के लिए अमेरिका में प्रशिक्षित टीम फसलों को नष्ट करने में लगी हुई हैं । यह फिल्म वॉइस ऑफ अमेरिका की अफगान सेवा ने बनाई है । वह कहते हैं- हर कोई कर्ज में डूबा हुआ है और बिना पोस्त की खेती किये हम वह कर्ज नहीं चुका सकते । वह किसान आगे कहता है- किसी दूसरी फसल में इतने पैसे की आय नहीं होती ।
मैकनील ने कहा कि अफीम बनने में काम आने वाले पोस्त से तालिबान उग्रवादियों को काफी पैसा मिल रहा है । उनका अनुमान है कि उग्रवादियों का 20 से 40 प्रतिशत पैसा पोस्त से आ रहा है । उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों का कारोबार अफगानी बच्चों में दोनों तरह से जहर घोल रहा है । उसके शरीर में तो जहर घुल ही रहा है । उनका दिमाग भी जहरीला हो रहा है । श्री मैकनील ने कहा कि अफगानिस्तान में मादक पदार्थों के कारोबार को रोकने के लिए अफगान सरकार को बिना लाग-लपेट के साफ शब्दों में यह संदेश देना होगा कि अब पोस्त की खेती को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा । इसमें सफल होने के लिए अफगान सरकार को अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से मदद की जरूरत पड़ेगी ।
अंतर्राष्ट्रीय मादक पदार्थ व कानून को लागू करने के मामलों के अमेरिकी सहायक विदेश मंत्री डेविड जॉनसन ने कहा कि पिछले साल अफगानिस्तान से कुछ अच्छी खबर सुनने में आई है । वर्ष 2007 में अधिक गरीब लेकिन ज्यादा सुरक्षित उत्तरी एवं मध्य प्रांतों में पोस्त का उत्पादन घट गया है । इनमें से 13 प्रांत पोस्त मुक्त हो गए थे । उन्होंने कहा कि अमेरिका मादक पदार्थों के कारोबार को रोकने की अफगान सरकार की कोशिशों का साथ देता रहेगा ।