(वी.ओ.ए न्यूज़)
दुनिया के एक सबसे लंबे समय से शासन कर रहे नेता और एक सबसे नए नेता आज
गुरुवार को राष्ट्र संघ महासभा को संबोधित करेंगे । ज़िम्बाब्वे के राष्ट्रपति रॉबर्ट मुगाबे और पाकिस्तान के नए राष्ट्रपति आसिफ
अली ज़रदारी न्यूयॉर्क में बहस के तीसरे दिन भाषण देंगे ।
राष्ट्रपति मुगाबे 1980 से ज़िम्बाब्वे पर सख्ती से शासन कर रहे हैं । हाल ही
में वे विवादास्पद आम चुनावों के बाद अंतर्राष्ट्रीय दबाव के चलते कुछ अधिकार विपक्ष
के लिए छोड़ने पर सहमत हो गए ।
पाकिस्तानी राष्ट्रपति ने इस महीने के शुरू में पद संभाला था और वह एक लगातार
हिंसक होते उग्रवादी विद्रोह को नियंत्रित करने की चुनौती का सामना कर रहे हैं । आज महासभा में अन्य वक्ता होंगे- इराकी राष्ट्रपति जलाल तालाबानी, जापानी
प्रधानमंत्री तारो आसो और सूडान के उप राष्ट्रपति अली उस्मान मोहम्मद ताहा ।
बुधवार को अफगान राष्ट्रपति हामिद करज़ई ने महासभा को संबोधित करते हुए कहा था
कि आतंकवाद समूचे दक्षिण एशिया में जंगल की आग की तरह फैल गया है । उन्होंने कहा
कि अंतर्राष्ट्रीय समुदाय को अफगान सुरक्षा फौजों को मजबूत बनाने के लिए और अधिक
सहायता करनी चाहिए ।
चीनी प्रधानमंत्री वेन जियाबाओ ने अपना भाषण अंतर्राष्ट्रीय आर्थिक संकट पर
केंद्रित करते हुए चेतावनी दी कि ये समस्याएं बदतर हो सकती हैं । उन्होंने
अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से इस मुद्दे पर साथ मिलकर काम करने के लिए कहा ।
अन्य भाषणों में इस्राइली राष्ट्रपति शिमोन पेरेस ने कहा कि उनका देश
फिलिस्तीनियों के साथ पूर्ण शांति पर बातचीत करने के लिए तैयार है । क्यूबा के
पहले उप राष्ट्रपति जोस रेमन माचादो ने विश्व में खाद्य संकट के लिए औद्योगिक
उत्तरी क्षेत्र के कुछ देशों की फिजूलखर्ची और सट्टेबाजी को दोषी ठहराया ।
कोलंबिया के राष्ट्रपति अलवारो उरीबे ने अपने देश को नशीली दवाओं के अवैध
व्यापार, आतंकवाद और गरीबी के संकटों से बचाने के लिए और अधिक अंतर्राष्ट्रीय
सहायता की मांग की ।