 |
college campus
|
दो प्रसिद्ध भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों, आईआईटी
को विश्व के सर्वश्रेष्ठ 200 विश्वविद्यालयों में रखा गया है, हालांकि इस सूची में
सबसे अधिक संख्या अमेरिकी शैक्षणिक संस्थानों की है ।
टाइम्स हायर एजुकेशन-क्यूएस वर्ल्ड यूनीवर्सिटी
रैंकिंग्स ने आईआईटी दिल्ली और आईआईटी मुंबई को इस सूची में क्रमशः 154वें और
174वें स्थान पर रखा है ।
इस सूची में सबसे ऊपर अमेरिका का हारवर्ड
विश्वविद्यालय है और दूसरे नंबर भी अमेरिका का ही येल विश्वविद्यालय है, जबकि
ब्रिटेन के कैम्ब्रिज और ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालयों को क्रमशः तीसरे और चौथे स्थान
पर रखा गया है ।
100 सर्वश्रेष्ठ संस्थानों में से एक-तिहाई से अधिक
अमेरिका के हैं, हालांकि सर्वश्रेष्ठ 50 में 9 एशियाई संस्थानों को रखा गया है,
जिनमें से तीन हांगकांग में स्थित हैं ।
इस साल इस सूची में पहली बार स्थान पाने वाले
विश्वविद्यालय हैं- हांगकांग यूनीवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी तथा सियोल नेशनल
यूनीवर्सिटी ।
इस सूची में चीन के 5 विश्वविद्यालय शामिल हैं,
जिनमें से पीकिंग विश्वविद्यालय को 50वां और सिंगुआ विश्वविद्यालय को 56वां स्थान
मिला है ।
ब्रिटेन के 17 विश्वविद्यालय सर्वश्रेष्ठ 100
संस्थानों में शामिल हैं, जबकि पिछले साल इनकी संख्या 19 थी । सर्वश्रेष्ठ 200
संस्थानों में ब्रिटेन के कुल 19 विश्वविद्यालय शामिल हैं, जबकि पिछले साल 20
विश्वविद्यालय थे ।