 |
| Turkey's Chief of Staff Gen. Ilker Basbug (r) arrive for a security meeting to discuss fighting Kurdish rebels, in Ankara, Turkey, 09 Oct 2008 |
तुर्की के अधिकारियों ने इराक के प्रधानमंत्री और इराक के अर्द्धस्वायत्त कुर्द क्षेत्र के नेता से मुलाकात की है । यह मुलाकात दोनों देशों के बीच सीमा के किनारे सुरक्षा के संवेदनशील मुद्दे पर चर्चा के लिए हुई ।
इराकी प्रधानमंत्री नूरी अल-मलीकी के कार्यालय ने कहा है कि बगदाद में मंगलवार को हुई बैठक में उन्होंने इराक में रहने वाले कुर्द विद्रोहियों द्वारा सीमापार स्थित तुर्की पर हमले की निंदा की ।
तुर्की की मीडिया ने कहा है कि तुर्की के शिष्टमंडल ने इराक के क्षेत्रीय राष्ट्रपति राष्ट्रपति मसूद बर्जानी से विद्रोहियों को मिल रहे समर्थन के स्रोतों को बंद करने की मांग की ।
तुर्की की सेना दक्षिण-पूर्वी तुर्की और उत्तरी इराक में लगभग हर दिन हवाई हमले कर रही है । इन हमलों में कुर्दिस्तान वर्कर्स पार्टी (पीकेके) के छिपने के संदिग्ध ठिकानों को निशाना बनाया जा रहा है । तुर्की ने कहा है कि वह सीमा के पास कुर्द विद्रोहियों के एक छापे का जवाब दे रहा है । कुर्द विद्रोहियों के हमले में 17 तुर्की सैनिक मारे गए ।
तुर्की की मीडिया ने खबर दी है कि मंगलवार को संदिग्ध पीकेके विद्रोहियों द्वारा पूर्वी तुर्की में किये गए एक हमले में पांच सैनिक घायल हो गए ।
तुर्की और इराकी अधिकारियों ने बगदाद की बातचीत को सकारात्मक बताया । यह बातचीत तुर्की और इराकी कुर्द क्षेत्र के बीच तनाव वाले रिश्तों की पृष्ठभूमि में हुई है । तुर्की की सरकार ने आरोप लगाया है कि इराकी कुर्द अधिकारी विद्रोहियों को बर्दाश्त कर रहे हैं या उन्हें मदद तक दे रहे हैं । इराकी नेताओं और कुर्द क्षेत्रीय अधिकारियों ने इन आरोपों का खंडन किया है ।
तुर्की के सांसदों ने हाल में उत्तरी इराक में सेना के अभियानों को जारी करने की मियाद एक साल और बढ़ा दी ।
तुर्की सरकार और इराकी कुर्द अधिकारियों ने तुर्की-नियंत्रित बफर जोन की स्थापना का विरोध किया है । यह बफर जोन इराकी सरजमीं में होगी । यह प्रस्ताव तुर्की की विपक्षी पार्टियों की तरफ से है ।
वर्ष 1984 से ही पीकेके दक्षिण तुर्की में कुर्द स्वायत्तता के लिए संघर्ष कर रहे हैं । इस हिंसा में अब तक करीब 37,000 लोग मारे गए हैं ।
पीकेके को तुर्की, अमेरिका और यूरोपीय संघ आतंकवादी संगठन मानते हैं ।